चम्बा, मंजूर पठान -:चंबा जिले के चुराह विधानसभा क्षेत्र के आना में नवनिर्मित सब्जी मंडी का विधिवत उद्घाटन किया गया। करीब 60 लाख रुपये की लागत से तैयार इस मंडी का शुभारंभ प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने वर्चुअल माध्यम से किया। इस अवसर पर एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर, हिमाचल प्रदेश कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली भट्ट, कांग्रेस नेता यशवंत खन्ना सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
नई सब्जी मंडी के शुरू होने से चुराह विधानसभा क्षेत्र की लगभग एक लाख आबादी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। अब क्षेत्र के किसानों और बागवानों को अपनी सब्जियां और फल बेचने के लिए लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। पहले किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए करीब 70 किलोमीटर दूर चंबा जाना पड़ता था, जिससे समय और परिवहन लागत दोनों बढ़ जाती थीं।कार्यक्रम के दौरान एपीएमसी अध्यक्ष ललित ठाकुर ने कहा कि चुराह क्षेत्र में बड़ी मात्रा में सब्जियों और फलों का उत्पादन होता है। मंडी की सुविधा नहीं होने के कारण किसानों और बागवानों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता था। अब आना में मंडी शुरू होने से स्थानीय उत्पादकों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर विपणन सुविधा उपलब्ध होगी।उन्होंने कहा कि यह मंडी क्षेत्र की कृषि और बागवानी गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ-साथ किसानों की आय बढ़ाने में भी सहायक सिद्ध होगी। स्थानीय लोगों ने भी मंडी के उद्घाटन का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
