सिरमौर : देवेंद्र कुमार (TSN)- सिरमौर जिला में विकसित भारत का संकल्प यात्रा लगातार जारी है विकसित भारत संकल्प यात्रा आज नाहन विधानसभा क्षेत्र की रामा धौंण पहुंची। इस दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल विशेष रूप से मौजूद रहे । ग्राम पंचायत में विकसित भारत संकल्प यात्रा के दौरान लोगों को केंद्र सरकार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।
मीडिया से बात करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि विकसित राष्ट्र को बनाने की दिशा में जो संकल्प प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लिया है उसी के रूप में यह विकसित भारत यात्रा निकाली जा रही है उन्होंने कहा कि आज गरीब कल्याण की योजनाओं से पिछले साढ़े 9 साल के अंदर देश का नक्शा बदलता दिखाई दिया है। उन्होंने कहा कि 80 करोड लोगों को मुफ्त में राशन देना, 20 लाख से ज्यादा घरों में स्वच्छ पानी पहुंचाना,11 करोड़ से ज्यादा शौचालय बनाकर स्वच्छ भारत अभियान को मजबूत करना और साढ़े 3 करोड़ गरीबों को पक्के घर उपलब्ध करवाना यह गरीब कल्याण की दिशा में बेहद सक्षम कदम है। डॉ राजीव बिन्दल ने कहा कि स्वास्थ्य की दृष्टि से आयुष्मान योजना मददगार साबित हुई है जिससे ₹5 लाख में प्रत्येक परिवार का स्वास्थ्य बीमा हो रहा है उन्होंने कहा कि देश में 50 करोड लोगों को स्वास्थ्य बीमा में कवर किया गया है यह विकसित भारत की दिशा में बड़ा संकल्प है। सिरमौर जिला में 30 नवंबर को शुरू हुई विकसित भारत संकल्प यात्रा लगातार जारी है और अभी तक यह यात्रा 119 पंचायत तक पहुंच चुकी है।
