कुल्लू : मनमिन्दर अरोड़ा – बीते दिनों जिला में हुई बारिश से लोक निर्माण विभाग को 12 सौ करोड़ से अधिक का नुकसान हुआ है । यह बात आज कुल्लू दौरे पर पहुंचे लोक निर्माण विभाग मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कही । कुल्लू पहुंचने पर जहां उन्होंने भुंतर के पुराने पुल का निरीक्षण किया तो वही शिव मंदिर में हुए नुकसान का भी जायजा लिया । इसके बाद रहे सबसे अधिक प्रभावित हुए जिया गाँव पहुंचे, जहां पर उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और ग्रामीणों से भी मुलाकात की ।
इस दौरान अपने टूटे हुए आशियानों के बारे में बताते हुए महिलाएं भी फफक फफक कर रो पड़ी । जिंदगी भर की कमाई ताश के पत्तों की तरह उजड़ने का दर्द रुंधे गले से महिलाओ ने सांसद प्रतिभा सिंह और मंत्री विक्रमादित्य सिंह को बताया ।इस दौरान ग्रामीणों के गुस्से का भी उन्हें सामना करना पड़ा,तो वही ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इतने दिनों के बाद भी कोई भी प्रशासनिक अधिकारी अभी तक उनकी सुध जानने नहीं पहुंचा है । ऐसे में मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने उन्हें आश्वासन दिया कि जल्दी ही यहां पर राहत बचाव कार्य को सुचारू रूप से शुरू किया जाएगा । उन्होंने कहा कि पोकलेन मशीन के माध्यम से पार्वती और व्यास नदी के मुड़े हुए रुख को एक बार फिर से ठीक किया जाएगा,ताकि लोगों के घरों में पानी फिर से ना घुसे क्योंकि एक बार फिर से मौसम विभाग की ओर से बारिश का अलर्ट जारी किया गया है । ऐसे में पार्वती और व्यास के नदी के मुड़े हुए रुख को एक बार फिर से मशीन के माध्यम से उस जगह पर लगाया जाएगा । साथ ही उन्होंने यह भी बताया कि व्यास नदी में खनन के चलते भी काफी नुकसान हुआ है और इस खनन को रोकने के लिए भी प्रयास किए जाएंगे ।
