नाहन : देवेंद्र कुमार – लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश में भारी बारिश से हो रहे नुकसान को लेकर सरकार गंभीर है । इस बीच राहत और पुनर्वास का कार्य जोरों पर चल रहा है । वहीं उन्होंने आपदा के समय में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को राजनीति न करने की सलाह दी है।
नाहन में मीडिया से बात करते हुए मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष को चाहिए कि वो सरकार पर उंगली उठाने के बजाए मुख्यमंत्री के साथ खड़े हो और दिल्ली जाकर केंद्र सरकार से मदद दिलवाए । उन्होंने कहा की राजनीति और एक दूसरे के ऊपर छीटाकशी करने का समय बाद में भी मिल सकता है, मगर आपदा के समय राजनीति से ऊपर उठकर एक साथ काम करने की जरूरत है।
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि प्रदेश मुश्किल दौर से गुजर रहा है और प्रदेश में एक महीने से लगातार आपदाओं का दौर जारी है । उन्होंने कहा कि पहले चरण में कुल्लू, मंडी जिला में बड़ा नुकसान हुआ है और अब सिरमौर, शिमला और सोलन जिला में बड़ा नुकसान देखने को मिल रहा है।उन्होंने कहा कि भारी बारिश से प्रदेश भर में किसान, बागवानों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है और सरकार राहत और पुनर्वास के कार्य पर जोर दे रही है । उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद सरकार के खजाने को पूर्ण रूप से खोल दिया गया है और बीते कल मुख्यमंत्री ने अतिरिक्त ₹30 करोड़ लोक निर्माण विभाग को जारी किए हैं, ताकि सड़कों के निर्माण कार्य को गति दी जा सके।
आवश्यकता के मुताबिक केंद्र से मदद नही
विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में 5 और 10 हजार करोड़ के बीच नुकसान अभी तक हो चुका है और खुद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने प्रधानमंत्री से निवेदन किया है कि हिमाचल प्रदेश को केंद्र सरकार पूर्ण रूप से मदद करें ताकि मुश्किल घड़ी में हिमाचल आपदा से संभाल सके । उन्होंने कहा कि कुछ पैसा जरूर केंद्र सरकार की तरफ से मिला है मगर आवश्यकता के मुताबिक अभी मदद नहीं मिल पाई है। उनने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सरकार ने मुआवजा राशि में बढ़ोतरी की है और कोशिश की जा रही है कि अधिक से अधिक मदद प्रभावितों तक पहुंचाई जा सके।
