बिलासपुर :सुभाष ठाकुर (TSN)-बिलासपुर और सोलन सीमा पर शिकरोहा पंचायत के अली खड्ड पर पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों ने उग्र आंदोलन कर दिया है. शनिवार को पांच पंचायत के प्रतिनिधि और लोगों ने इकट्ठा होकर अली खड्ड पर धरना दे दिया.ग्रामीणों का कहना है कि निजी कंपनी के द्वारा यहां से पानी उठाया जा रहा है जिसका वह विरोध करते हैं.
ग्रामीणों का कहना है कि उनके साथ कोई बातचीत नहीं की गई है और ना ही प्रशासन इस मसले पर गंभीर है. ग्रामीणों ने बताया कि अगर यहां से निजी कंपनी को पानी दिया जाता है तो आने वाले समय में उनको पानी की समस्याओं का सामना करना पड़ेगा और अलीखड्ड से पांच पंचायत के लिए जो पानी उठाया गया है वह सारी स्कीमें बंद हो जाएगी,जिसको लेकर ग्रामीणों ने एक बार फिर से धरना दे दिया है. पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी समस्या का समाधान नहीं किया जाता है तब तक यह धरना प्रदर्शन जारी रहेगा.
