Bilaspur, Subhash-भानुपली-बिलासपुर-लेह रेल परियोजना के तहत बन रही सुरंग (टनल) से हो रही समस्याओं को लेकर नोग बधियात क्षेत्र के ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से मिला। बांमटा वार्ड के जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा के नेतृत्व में नौणी में मुख्यमंत्री से मुलाकात कर ग्रामीणों ने घरों में आ रही दरारों की गंभीर समस्या रखी।
ग्रामीणों ने बताया कि टनल निर्माण के दौरान भारी मशीनों के इस्तेमाल से पूरा क्षेत्र कंपन की चपेट में है, जिससे उनके मकानों की नींव कमजोर हो रही है और दीवारों में गहरी दरारें आ रही हैं। उनका कहना है कि पिछले एक महीने से वे इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कंपनी के दबाव में प्रशासन ने निर्माण कार्य दोबारा शुरू करवा दिया है, जबकि उनकी समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि इस गंभीर स्थिति में हस्तक्षेप कर प्रभावित परिवारों को राहत दिलाई जाए।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जल्द ही इस समस्या का समाधान निकाला जाएगा। पार्षद गौरव शर्मा ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री ने इस मुद्दे की जांच के लिए प्रदेश स्तरीय समिति गठित करने के निर्देश भी जारी कर दिए हैं।
