Shimla, Sanju –हिमाचल प्रदेश में बीते 24 घंटों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में भूस्खलन और जलभराव के कारण करीब 390 सड़कों पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भारी मशीनरी को बहाली कार्य में लगा दिया है।
लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने जानकारी दी कि मानसून को लेकर विभाग की तैयारियों की समीक्षा के लिए अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। उन्होंने बताया कि बंद हुई सड़कों में से 288 सड़कों को एक दिन में बहाल किया जाएगा, जबकि 1 जुलाई तक 56 और उसके बाद 46 सड़कें खोली जाएंगी। विभाग ने लक्ष्य रखा है कि तीन दिनों के भीतर सभी बाधित मार्ग बहाल कर दिए जाएंगे।
मंत्री ने बताया कि सड़कों की मरम्मत और मलबा हटाने के लिए 110 विभागीय जेसीबी और 132 किराए की गई मशीनें तैनात की गई हैं। इसके अलावा डोजर, टिप्पर और रोबोटिक मशीनरी भी प्रभावित इलाकों में लगाई गई हैं।बरसात के कारण कई स्थानों पर पुलों के बहने की आशंका को देखते हुए विभाग ने 20 करोड़ रुपये के वैली ब्रिज का स्टॉक तैयार रखा है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर तुरंत स्थापित किया जाएगा।
विक्रमादित्य सिंह ने यह भी कहा कि फिलहाल कहीं से भी जानमाल के नुकसान की सूचना नहीं है। सरकार हालात पर कड़ी नजर रखे हुए है और सभी ज़रूरी संसाधन जुटा रही है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि वे स्वयं प्रभावित इलाकों का दौरा करेंगे और प्रभावित लोगों को उचित मुआवजा दिया जाएगा।
