Una, 4 September-हिमाचल प्रदेश में हाल ही की आपदा से कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। यहां कई परिवारों के घर और खेत तबाह हो गए हैं। इस मुश्किल घड़ी में पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता वीरेंद्र कंवर लगातार प्रभावित गांवों का दौरा कर पीड़ितों की मदद कर रहे हैं।
सरकार से की बड़ी राहत पैकेज की मांग
कंवर ने भाजपा कार्यकर्ताओं और कुटलैहड़ सेवा संगठन के साथ मिलकर कई प्रभावित परिवारों तक राशन, दवाइयां और आर्थिक सहायता पहुंचाई। रायपुर मैदान क्षेत्र के अंदरोली, दोबड़ और परोइयाँ गांवों में प्रभावित लोगों से मिलते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की 100% फसल नष्ट हो चुकी है और सरकार को तुरंत राहत पैकेज की घोषणा करनी चाहिए।
कंवर ने मांग की कि –
मनरेगा के तहत डंगे बनाने की राशि 50 हज़ार से बढ़ाकर 1 लाख की जाए और स्वीकृति का अधिकार ग्रामसभा को मिले।
जिन परिवारों के मकान पूरी तरह गिर गए हैं, उन्हें 10 लाख रुपये की सहायता मिले।
जिन किसानों की ज़मीन बह गई है, उन्हें सुरक्षित स्थान पर नई ज़मीन आबंटित की जाए।
उन्होंने कहा कि अभी सरकार के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता पीड़ितों को राहत देना होना चाहिए। “यह वक्त आंकड़ों की बाज़ीगरी का नहीं, बल्कि प्रभावित लोगों को संबल देने का है,” उन्होंने कहा।गौरतलब है कि थानाकलां से परोइयाँ को जोड़ने वाली सड़क आपदा में पूरी तरह टूट चुकी है। ऐसे में वीरेंद्र कंवर कार्यकर्ताओं के साथ नाव के जरिए ही गांवों तक पहुँच रहे हैं और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद पहुंचा रहे हैं।
