रिकांगपिओ, 4 सितम्बर-बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा के 90वें जन्मदिवस के उपलक्ष्य में किन्नौर जिले के रारंग स्थित टाशी छोएलिंग बौद्ध मठ में सात दिवसीय बज्र गुरु महा जाप का आयोजन किया गया। यह विशेष आयोजन 27 अगस्त से 3 सितंबर तक चला, जिसमें प्रदेशभर से सैकड़ों श्रद्धालु पहुंचे।
सात दिनों तक गूंजे मंत्र, श्रद्धालुओं ने लिया आशीर्वाद
आयोजन के दौरान ईष्ट देवता पाथोरो डोम्बर की उपस्थिति में छोगोन रिन्पोछे तेनजिन छोएकी ज्ञाछो ने प्रवचन दिया। दो सितंबर को गा रिन्पोछे शेद्डुब छोएकी ञीमा के 27वें महा परिनिर्वाण दिवस पर रिन्पोछे ने आचार्य असंग द्वारा रचित ज्ञल-स्त्रस् लग-लेन ग्रंथ की व्याख्या की और श्रद्धालुओं को दिर्घायु अभिषेक प्रदान किया।पूरे सात दिनों तक अखंड जाप गूंजता रहा। इस दौरान छोगोन रिन्पोछे ने प्रकृति संरक्षण, लोककल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की प्राप्ति हेतु मार्गदर्शन दिया।आयोजन के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम और सिंघे नृत्य का विशेष आयोजन हुआ। स्कूली बच्चों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में बज्र गुरु सेवा समिति रारंग और समस्त ग्रामीणों का विशेष योगदान रहा। समिति अध्यक्ष सांडुप पलदन, उपाध्यक्ष एवं डुबा प्रदीप कुमार और सचिव छोज्ञल ज्ञाछो नेगी ने जानकारी दी कि श्रद्धालुओं ने इस अवसर पर ईष्ट देवता पाथोरो डोम्बर, गा रिन्पोछे और छोगोन रिन्पोछे का आशीर्वाद प्राप्त किया।
