Mandi, dharamveer – मंडी शहर के व्यस्ततम क्षेत्र विश्वकर्मा चौक में हाल ही में गिरे डंगे को लेकर भाजपा विधायक अनिल शर्मा ने स्थिति का जायजा लेने के बाद साफ किया है कि इस नुकसान की भरपाई वही कंपनी करेगी, जिसने डंगे का निर्माण किया था। उन्होंने कहा कि कंपनी ने कार्य के समय इसकी गारंटी दी थी, ऐसे में मरम्मत की पूरी जिम्मेदारी उसी की बनती है।
विधायक शर्मा ने कहा कि लोक निर्माण विभाग ने अब तक इस कार्य के लिए कंपनी को कोई भुगतान नहीं किया है और तब तक नहीं किया जाएगा जब तक कंपनी गिरा हुआ डंगा पूरी तरह से ठीक नहीं कर देती। उन्होंने कहा कि मात्र एक महीने में डंगे का गिर जाना बेहद गंभीर और चिंताजनक है।
स्थाई समाधान की दिशा में होगा काम
विधायक ने आगे कहा कि विश्वकर्मा चौक एक महत्वपूर्ण स्थान है और भविष्य में यहां पर एक स्थायी व सुरक्षित निर्माण किया जाना आवश्यक है। उन्होंने सुझाव दिया कि जमीन को नगर निगम के नाम ट्रांसफर कर यहां एक कम्युनिटी सेंटर या कॉम्प्लेक्स का निर्माण किया जा सकता है, जिससे क्षेत्र को स्थायित्व मिलेगा और शहर के केंद्र में भूमि का बेहतर उपयोग होगा।
स्थानीय लोगों की पीड़ा
डंगे के ऊपर स्थित घरों में रहने वाले लोगों ने बताया कि हादसे के बाद उनकी रातें डर में बीत रही हैं। प्रभावित नरेंद्र राणा ने बताया कि रात दो बजे एक बार फिर भूस्खलन हुआ, जिससे दहशत और बढ़ गई। उन्होंने प्रशासन से तिरपाल लगाने के कार्य को शीघ्र पूरा करने और इस समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।
