शिमला,6 अक्टूबर –हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) शिमला, अनुपम कश्यप ने पंचायत चुनावों के लिए मतदाता सूची सुधार प्रक्रिया शुरू करने की अधिसूचना जारी की है।
अधिसूचना के अनुसार, ग्राम पंचायतों में उपमंडल अधिकारी (नागरिक) डोडरा क्वार को पुनरीक्षण प्राधिकारी नियुक्त किया गया है, जबकि अन्य क्षेत्रों में संबंधित खंड विकास अधिकारी यह जिम्मेदारी संभालेंगे। ये अधिकारी अपने क्षेत्रों में मतदाता सूची से जुड़े दावे और आपत्तियों का समाधान करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार प्रारंभिक मतदाता सूचियाँ 6 अक्टूबर, 2025 को प्रकाशित की जाएंगी। मतदाता 8 अक्टूबर से 17 अक्टूबर, 2025 तक दावे और आपत्तियाँ प्रस्तुत कर सकते हैं। पुनरीक्षण प्राधिकारी 27 अक्टूबर, 2025 तक सभी दावों और आपत्तियों का निपटारा करेंगे। अपीलीय प्राधिकारी के समक्ष अपील 3 नवम्बर, 2025 तक दाखिल की जा सकेगी, और इन पर निर्णय 10 नवम्बर, 2025 तक लिया जाएगा। अंतिम मतदाता सूचियों का प्रकाशन 13 नवम्बर, 2025 या उससे पहले किया जाएगा।
