राहुल चावला, धर्मशाला: इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) की ओर से शुक्रवार को सिंथेटिक ट्रैक धर्मशाला में समर्पण दिवस मनाया गया। डाक्टर्स में मरीजों के प्रति समर्पण का भाव है और देश सेवा के लिए डाक्टर्स समर्पित हैं। समर्पण दिवस पर 100 से अधिक डाक्टर्स ने इस वॉकाथॉन में हिस्सा लिया।
आईएमए धर्मशाला के अध्यक्ष डॉ. अतुल गुप्ता ने बताया कि इस दौरान डाक्टर्स के लिए सिंथेटिक ट्रैक में वॉकाथॉन का आयोजन किया गया। हेल्थ फॉर ऑल विषय पर डाक्टर्स के लिए एक सेमिनार का भी आयोजन किया गया, जिसमें इंटेग्रेटिड मेडिसिन पर भी बात की गई। समर्पण दिवस पर सभी डाक्टर्स अपने घरों, क्लीनिक व अस्पतालों में दीये जलाकर कामना करेंगे कि मरीज और देश भर के लोग स्वस्थ और निरोगी रहें। इस दौरान जोनल अस्पताल धर्मशाला, डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कालेज टांडा और सीएमओ कांगड़ा के तहत आम डाक्टर्स ने भाग लिया।
वॉक सबके लिए बेहद जरूरी
डॉ. अतुल गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ शरीर के लिए वॉक करना बेहद जरूरी है, इसी कड़ी में आईएम की ओर से वॉकाथॉन का आयोजन किया गया, जिसमें डाक्टर्स सहित अन्य लोगों ने भी अपनी भागीदारी सुनिश्चित की। डाक्टर्स डयूटी के दौरान मरीजों का चेकअप करने और अन्य कार्य करते हुए अपने केबिन में बैठे रहते हैं, ऐसे में डाक्टर्स के लिए एक दिन ऐसा होना चाहिए कि वे भी अपने कमरों से बाहर निकलें और अन्य लोगों की तरह वॉक करें। अधिकतर डाक्टर्स वॉक नहीं कर पाते, क्योंकि सुबह जब वो पहुंचते हैं काम शुरू हो जाता है और शाम तक काम चलता रहता हैं।
