राकेश,ऊना: केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने ऑस्ट्रेलिया में चल रहे 20-20 विश्व कप के दौरान भारतीय खिलाड़ियों को सही भोजन व्यवस्था नहीं मिलने की शिकायत के विषय पर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने हिमाचल प्रदेश के ऊना में चुनाव प्रचार के दौरान मीडिया से बात करते हुए इस विषय को ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट बोर्ड की ओर से गंभीरता से लिए जाने का अनुरोध किया है। अनुराग ठाकुर ने भारत में किसी भी टूर्नामेंट के आयोजन के समय किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं छोड़े जाने की बात भी कही।
यहां तक कि अनुराग ठाकुर ने खुद के बीसीसीआई अध्यक्ष और महासचिव रहते हुए वेस्टइंडीज जैसे देशों में किसी आयोजन के समय भारत से शेफ भेजे जाने का भी दावा किया, ताकि भारतीय खिलाड़ियों को खानपान में कोई समस्या न हो। केंद्रीय खेल मंत्री ने 20-20 विश्व कप के दौरान भारत के पाकिस्तान के विरुद्ध किए प्रदर्शन की जमकर सराहना की और विशेष तौर से उन्होंने विराट कोहली के प्रदर्शन की खुले दिल से प्रशंसा की। उन्होंने 20-20 विश्व कप में भारतीय टीम को शुभकामनाएं देते हुए 140 करोड़ भारतीयों की ओर से भारत के खिताबी विजय की कामना की भी बात कही।
