अरविंदर सिंह,हमीरपुर : जिला हमीरपुर के बड़सर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न पंचायतों में पानी की कमी की काफी ज्यादा समस्या लोगों को झेलनी पढ़ रही है। ऐसे में सरकार की ओर से चलाए जा रहा जल जीवन मिशन भी सवालों के घेरे में है। इस मिशन को लेकर सवालिया निशान कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे हैं। पानी की समस्या को लेकर विधायक इंद्र दत्त लखन पाल ने प्रदेश सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि सरकार के जल जीवन मिशन के तहत कई क्षेत्रों में रसूखदार लोगों को मेन लाइन से ही पानी मुहैया करवाया जा रहा है जिससे आमजन को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है
विधायक इंद्र दत्त लखनपाल ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र के बिझड़ी के साथ लगती कई पंचायतों में लोगों को पानी की समस्या से आए दिन दो-चार होना पड़ रहा है जिसकी शिकायत उन्हें प्राप्त हो रही है । उन्होंने जल शक्ति विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि विभाग लोगों को पानी की सही सुविधा उपलब्ध नहीं करवा पा रहा है और समस्याओं की जानकारी होने के बावजूद इसके स्थाई हल के लिए कोई काम नहीं किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत बिछाई जाने वाली पाइप में भी कई क्षेत्रों में नहीं बिछाई गई हैं और जहां बिछाई गई है वहां पर रसूखदार लोगों को मेन लाइन से ही पानी के कनेक्शन दिए गए हैं जो कि गलत है। लखन पाल ने कहा कि क्षेत्र में कई सिंचाई योजनाएं भी तैयार हैं लेकिन सरकार के उदासीन रवैये के चलते लोगों को परेशानी हो रही है । उन्होंने सरकार व विभाग से मांग करते हुए कहा कि वह फील्ड में उतर कर लोगों को आ रही समस्याओं का जल्द निपटारा करें।
