संजु चौधरी, शिमला: भारी बारिश के चलते प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों से नुकसान की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। वहीं भारी बारिश की वजह से राजधानी शिमला में पानी की आपूर्ति भी बाधित हुई हैं। शिमला की गिरि और गुम्मा पानी परियोजनाओं में गाद आने से राजधानी शिमला शहर में पानी की आपूर्ति ठप्प हो गई है जिससे स्थानीय लोगों के साथ साथ पर्यटकों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही हैं, हालांकि पानी की आपूर्ति का काम देख रही शिमला जल प्रबंधन कंपनी व्यवस्था को दुरुस्त करने में जुटी हुई हैं, बावजूद इसके अभी तक सामान्य से कम पानी ही शहर को उपलब्ध हो पाया हैं।
मामले पर नगर निगम शिमला उपमहापौर उमा कौशल ने बताया कि भारी बारिश के चलते पानी की परियोजनाओं में गाद जम जाने से शहर में पानी की सप्लाई बाधित हो गई हैं। गाद हटाने का काम जारी हैं। उप महापौर ने माना की अभी एसजेपीएनएल के पास गाद हटाने के लिए कोई उन्नत तकनीक नहीं है ऐसे में गाद हटाने में ज्यादा वक्त लग रहा हैं।
उप महापौर ने बताया कि मंगलवार को भी केवल 30 एमएलडी पानी ही शहर को मिल पाया जो सामान्य से कम है जबकि सामान्य तौर पर शहर को लगभग 45 एमएलडी के आसपास पानी की आवश्यकता रहती हैं। लिहाज़ा अभी शहर में लोगों पानी के लिए कुछ और इंतजार करना पड़ सकता है। टैंकर के माध्यम से भी वार्डो में पानी की आपूर्ति की जा रही हैं।
