अरविंदर सिंह,हमीरपुर: सरकार की योजनाएं हर जरूरतमंद पात्र गरीब तक पहुंचे इसके लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए काम कर रही हैं। यह बात सुजानपुर के विधायक एवं चेयरमैन वेलफेयर कमेटी हमीरपुर राजेंद्र राणा ने मीडिया से रूबरू होते हुए कही। हमीर भवन में मंगलवार को वेलफेयर कमेटी की बैठक हुई। बैठक में विधायक इंद्र दत्त लखनपाल, विधायक आशीष शर्मा, उपायुक्त हमीरपुर हेमराज बैरवा सहित पांच उपमंडलों के एसडीएम व अधिकारी मौजूद रहे ।
राणा ने कहा कि इस समय प्रदेश में चलाई जा रही योजनाओं में अधिकतर में 90 फ़ीसदी शेयर प्रदेश सरकार का रहता है और 10 फ़ीसदी शेयर केंद्र का होता हैं। उन्होंने कहा कि सरकार हर संभव कोशिश करती है कि जरूरतमंद लोगों तक योजनाओं को पहुंचा कर उन्हें फायदा दिया जाए। बैठक में गरीब लोगों के घर बनाने के लिए मिलने वाले डेढ़ लाख के अनुदान पर चर्चा की गई। अब तक कितने लोगों को यह राशि दी जा चुकी है और कितने लोगों को देनी पेंडिंग चल रही है इस बजट पर भी खास तौर पर चर्चा की गई।
मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर पूछे गए सवाल पर राजेंद्र राणा ने कहा कि मंत्रिमंडल के विस्तार का क्षेत्र अधिकार मुख्यमंत्री का होता हैं और वह हाईकमान के साथ इसे तय करेंगे उन्हें उम्मीद है कि जल्द ही मंत्रिमंडल का विस्तार होगा और लोगों को सरकार में रहकर काम करने का मौका मिलेगा।
