संजु चौधरी,शिमला (TSN): राजधानी शिमला स्थित ऐतिहासिक स्केटिंग रिंक में स्केटिंग शुरू होने के लिए अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ेगा। हर साल यहां 10 दिसंबर के आसपास स्केटिंग शुरू हो जाती थी लेकिन खराब मौसम के चलते इसके लिए थोड़ा और इंतजार करना होगा। 15 दिसंबर को आइस स्केटिंग क्लब की ओर से ट्रायल शुरू करने की कोशिश की गई लेकिन खराब मौसम के चलते इसमें अभी एक-दो दोनों का इंतजार ओर बढ़ गया है। स्केटिंग क्लब की ओर से कहा गया हैं कि मौसम का साथ रहा तो एक से दो दिनों में आइस स्केटिंग रिंक में ट्रायल शुरू हो जाएंगे।
शिमला आइस स्केटिंग क्लब के ऑर्गेनाइजिंग सेक्रेट्री रजत मल्होत्रा ने बताया कि हर साल 10 दिसंबर के आसपास शिमला के ऐतिहासिक आइस स्केटिंग रिंक में ट्रायल्स शुरू हो जाते थे, लेकिन यह रिंक पूरी तरह से मौसम पर निर्भर है। ऐसे में खराब मौसम होने की वजह से ट्रायल नहीं हो पाया हैं। आने वाले एक से दो दिनों में ट्रायल शुरू होंगे। उन्होंने कहा कि यहां प्रमुख रुप से लेजर स्केटिंग कराई जाती हैं। मगर इसके अलावा फिगर स्केटिंग, स्पीड स्केटिंग और आइस हॉकी भी यहां करवाई जाती है। उन्होंने बताया कि यहां 4 वर्ष की आयु के ऊपर के बच्चे आ कर स्केटिंग कर सकते है। उन्होंने कहा कि यहां से अब तक आइस हॉकी में राष्ट्र स्तर पर बच्चे राज्य का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं तो वहीं आइस हॉकी में दो बच्चे नेशनल स्तर पर जा चुके है। मल्होत्रा ने बताया कि लंबे समय से इस क्लब की मांग आर्टिफिशियल रिंक बनाने की है ताकि यहां साल भर स्केटिंग करवाई जा सके। उन्होंने कहा की इस बार उनका प्रपोजल टेंडर प्रक्रिया तक पहुंच गया हैं, उम्मीद है कि जल्दी ही इस पर काम होगा और शिमला आइस स्केटिंग क्लब को भी आर्टिफिशियल रिंक मिल सकेगा।
