कुल्लू :मनमिंदर अरोड़ा ( TSN)- जिला कुल्लू और लाहौल घाटी में शनिवार को मौसम साफ रहा और मौसम के साफ होने के साथ-साथ बीआरओ ने अब मनाली के धुंधी से लेकर केलांग तक सड़क से बर्फ हटाने का काम भी शुरू कर दिया है। ताकि यहां से वाहनों की आवाजाही को फिर सुचारू किया जा सके। इसके अलावा बीती शाम के समय अटल टनल के समीप बर्फ होने के चलते सड़क पर गाड़ियां भी फिसलते रही और कई गाड़ियों को इससे नुकसान भी हुआ है। अब लाहौल घाटी व मनाली के ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के बाद यहां पर्यटन कारोबारी में भी बेहतर कारोबार की उम्मीद जग गई है और बाहरी राज्यों से भी बर्फ देखने की चाह में सैलानी पर्यटन कारोबारी से संपर्क कर रहे हैं।
अटल टनल के समीप बर्फ पर भी फिसली गाड़ियां
बीते दिनों अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल में करीब एक से डेढ़ फुट, सिस्सू में एक फुट ,खंगसर में एक फुट तक बर्फ गिरी है। जिसके चलते वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है। हालांकि तांदी से केलांग तथा तांदी से काडू नाला तक वाहनों की आवाजाही सुचारु रुप से हो रही है। हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों को बर्फबारी के चलते लाहौल से कुल्लू मनाली की तरह जाने वाली नियमित बसों की सेवा पिछले कल से ही अस्थाई रूप से बंद कर दी है। वहीं सीमा सड़क संगठन ने अटल टनल रोहतांग से तांदी की तरह सड़क मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य आरम्भ कर दिया है। जैसे ही सड़क से बर्फ हटा दी जाएगी तो उसके बाद यहां से वाहनों की आवाजाही भी शुरू कर दी जाएगी।
मनाली होटल संगठन के अध्यक्ष मुकेश ठाकुर ने बताया कि मनाली के आसपास के इलाकों में भी बर्फबारी हुई है और इससे आगामी समय में पर्यटन कारोबार में भी काफी तेजी आएगी। वही दिसंबर में बर्फबारी देखने की चाह में सैलानी कुल्लू मनाली का रुख करेंगे और होटल कारोबारी के द्वारा उन्हें कई आकर्षक पैकेज भी दिए जा रहे हैं।
