शिमला। हिमाचल प्रदेश में अगले दो दिनों तक मौसम साफ रहने के आसार हैं, लेकिन 11 मई से एक बार फिर मौसम करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना जताते हुए कई जिलों में बारिश, तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 मई को प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना रहेगा, जिससे किसानों और बागवानों को कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, 11 मई से 14 मई के बीच मौसम में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है।
विभाग का कहना है कि इस दौरान कई क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। साथ ही 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 12 और 13 मई को कुछ इलाकों में ओलावृष्टि होने की भी आशंका जताई गई है।
मौसम विभाग ने 11 मई के लिए ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, सोलन और सिरमौर जिलों में यलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में तेज हवाओं और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को मौसम अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी गई है। वहीं किसानों और बागवानों को भी फसलों और बागानों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने को कहा गया है।
