संजु चौधरी, शिमला(TSN): हिमाचल प्रदेश में 26 नवंबर से मौसम का मिजाज बदलने वाला हैं। पश्चिम विक्षोभ सक्रिय होने से 26 से 28 नवंबर तक मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान लगाया गया है जिसके चलते प्रदेश के मैदानी व मध्यम ऊंचाई वाले हिस्सों में बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की आशंका मौसम विभाग ने जताई हैं। प्रदेश में पिछले कई दिनों से मौसम साफ बना हुआ हैं जिससे तापमान सामान्य से अधिक चल रहे हैं।
तापमान में बढ़ोतरी होने से कई सालों के रिकॉर्ड भी टूट रहे हैं। केलांग में नवबंर महीने के तीसरे सप्ताह में जहां अधिकतम तापमान तीन से चार डिग्री तक रिकॉर्ड किया जाता था वहीं इन दिनों केलांग में अधिक तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है और केलांग में तापमान 13 डिग्री पहुंच गया हैं। इसके अलावा शिमला, धर्मशाला में भी अधिकतम तापमान में काफी बढ़ोतरी दर्ज की गई हैं। धर्मशाला में 21 नवंबर को तापमान 24 डिग्री रिकॉर्ड किया गया था जबकि 2005 में 21 नवंबर को अधिकतम तापमान 23.4 रिकॉर्ड किया गया था। शिमला में भी तापमान 21 डिग्री रिकॉर्ड किया गया हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा कि प्रदेश में 26 नवंबर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है जिसके चलते प्रदेश के मैदानी इलाकों में बारिश जबकि ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना हैं।
