मंजूर पठान, चंबा: कांग्रेस पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की लोकसभा सदस्यता रद्द किए जाने के विरोध में कांग्रेस पार्टी की ओर से देश सहित पूरे प्रदेश में विरोध जताया जा रहा हैं। राहुल गांधी की सदस्यता रद्द करने के विरोध में कांग्रेस की वरिष्ठ नेत्री और पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने भी भाजपा सरकार पर हमला बोला हैं। कांग्रेस पार्टी की पूर्व शिक्षा मंत्री आशा कुमारी ने चंबा जिला मुख्यालय पर पत्रकार वार्ता कर कहा कि जिस तरह का रवैया केंद्र की सरकार का सामने आ रहा है वह काफी निंदनीय हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार और अदानी के बीच क्या संबंध है, जो शैल कंपनियों का बीस हजार करोड़ रुपए अदानी के खाते में आया हैं वह किसका हैं। इस पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री चुप क्यों हैं? आशा कुमारी ने तंज कसते हुए कहा कि आज देश जानना चाहता है कि एसबीआई ,पीएनबी सहित कई बैंक का पैसा लेकर फरार हुए नीरव मोदी,ललित मोदी, महल चौकसी चोर नहीं है तो और क्या हैं? अगर चोर को चोर नहीं कहें तो क्या कहें।
उन्होंने कहा कि इसमें ओबीसी फैक्टर कहां से आ गया जो चोर है वह चोर ही है उसका ना कोई जाति होती है और ना कोई उसका संप्रदाय होता है इसलिए केंद्र सरकार लोगों का ध्यान भटका कर अपने दोस्तों को बचाना चाहती हैं। आशा कुमारी ने कहा कि पूरे देश भर में आज पत्रकार वार्ता के दौरान भाजपा की केंद्र सरकार का विरोध किया जा रहा है। आशा कुमारी ने कहा की इन भगोड़ों को भाजपा की सरकार ने भगाने में अहम रोल अदा किया हैं।
आशा कुमारी ने कहा की जिस तरह राहुल गांधी की सदस्यता समाप्त की है वह बड़ी शर्म की बात है क्योंकि मानहानि केस में इस तरह के मामले पहले कभी नहीं दिखे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने भगोड़ों के बारे में बात क्या कर ली भाजपा को तकलीफ हो गई और उन्होंने उनकी सदस्यता खत्म कर दी।
