बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने कहा है कि भाजपा धर्म के नाम पर राजनीति न करे अन्यथा इस के गंभीर परिणाम होंगे। बिलासपुर में पत्रकारों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि वीरवार को बिलासपुर के नगर परिषद प्रांगण में भजन संध्या का आयोजन किया गया । जिस में प्रसिद्ध गायक कहैन्या मित्तल ने भजन कम गाए , भाजपा का गुणगान अधिक किया।
उन्होंने कहा कि वह बतौर भजन गायक मित्तल का स्वागत करते है, लेकिन जिस तरह से उन्होंने भाजपा का गुणगान मंच से किया। वह एक भजन भाई के लिए शोभा नहीं देता। उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात पर बहुत अधिक आपत्ति है कि मंच से इस भजन भाई ने लोगों को मोदी की रैली के लिए आमंत्रण दिया और कहा कि जो स्याही मतदान करते समय उंगली पर लगाई जाती है, उससे विरोधियों का मुंह काला करेंगे। उन्होंने कहा कि इस बात के लिए भाजपा के नेताओं को और इस गायक को माफी मांगनी चाहिए। क्योंकि यह शब्द ही उचित नहीं है और भाषा का प्रयोग किस तरह से किया जाना है इस बात को भी ध्यान में रखना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रोजगार मेला करके देख लिया, उसके बाद किटों का वितरण किया लेकिन जनता का कोई रिस्पांस नहीं मिला तो, उन्होंने धार्मिक भावनाओं को भड़काने की कोशिश की जा रही है। ये भजन संध्या भी चुनावी रैली करने की कोशिश की गई है, इसे कभी माफ नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि सदर की जनता समझदार है और वह सही समय पर सही निर्णय करेगी। जब उनसे पूछा गया कि उन्हें कांग्रेस पार्टी से टिकट मिल रहा है तो उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें पूरा आश्वासन दिया है और पार्टी हाईकमान जो भी निर्णय करेगी उसके साथ जाएंगे।
