बीबीएन : जगत सिंह- नालागढ़ में दो दिनों से हो रही लगातार बारिश किसानों पर कहर बनकर बरसी है। नालागढ़ के तहत चंगर, बद्दी बरोटीवाला में किसानों की सैकड़ों बीघा जमीन पर खड़ी गेहूं की फसल तेज बारिश, तूफान व ओलावृष्टि के कारण तबाह हो चुकी है ।
बता दें कि दो दिनों से लगातार तेज बारिश के कारण गेहूं की फसलों को भारी नुकसान हुआ है । तेज तूफान के कारण फसलें जमीन पर बिछ चुकी है और किसानों की करीबन 60 से 70 फ़ीसदी फसल तबाह हो चुकी है। अब किसानों को आर्थिक संकट का खतरा मंडराने लगा है और अपने परिवार के पालन पोषण की भी चिंता होने लगी है क्योंकि बच्चों की तरह पाली हुई फसल अब खत्म होने की कगार पर आ चुकी है और किसान खासे परेशान है ।
किसानों ने सरकार से लगाई उचित मुआवजे की गुहार
पीड़ित किसानों ने प्रदेश सरकार से पहाड़ी हल्के की तर्ज पर जैसे सेबों के नुक्सान पर मुआवजा दिया जाता है ,उसी तरह गेहूं की फसलों के नुकसान का उचित मुआवजा देने की गुहार लगाई है।
इस बारे में स्थानीय किसानों का कहना है कि काफी लंबे समय से किसान बारिश की उम्मीद कर रहे थे लेकिन जब बारिश की जरूरत थी तब बारिश नहीं पड़ी लेकिन अब वे मौसमी बारिश और तेज हवाओं और ओलावृष्टि के कारण 60 से 70 फीसदी गेहूं की फसलों को नुकसान हुआ है और तेज हवाओं के कारण किसानों के खेतों में खड़ी गेहूं की फसल बिछ चुकी है जिससे किसानों को बहुत नुकसान हुआ है। पीड़ित किसानों का कहना है कि इस महंगाई के दौर में अब उन्हें अपने परिवार के पालन-पोषण की चिंता सताने लगी है और उन्होंने प्रदेश सरकार से उचित मुआवजे की मांग उठाई है।
