कुल्लू: देवभूमि के रोहतांग व बारालाचा दर्रा समेत अन्य ऊंची चोटियों पर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। वहीं कुल्लू-लाहौल में झमाझम बारिश दर्ज की गई है।

तीन सप्ताह के बाद कुल्लू और लाहौल-स्पीति में 2 दिनों से भारी बारिश का दौर जारी है। साथ ही जनजीवन भी अस्त-व्यस्त हो गया है। वहीं लाहौल घाटी में बर्फबारी के कारण मनाली-लेह राष्ट्रीय राजमार्ग बारालाचा टॉप के पास रास्ता बंद हो गया है। जिसके चलते लोगों को दर्रे के आस-पास न जाने की चेतावनी जारी की गई है।

बता दें कि बुधवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई। कांगड़ा में देर रात से बारिश का दौर जारी था। ऐसे में हिमाचल में अब सर्दी की दस्तक होने लगी है। सितंबर तक सूबे में मौसम खराब रहेगा और इस दौरान बारिश और बर्फबारी देखने को मिलेगी।

