अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर कांग्रेस पार्टी का प्रचार करने के लिए चुनावी मैदान में उतरी प्रियंका गांधी वाड्रा पर भाजपा ने निशाना साधा है। भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने दिल्ली से अपनी ऐसी एक महिला नेता को हिमाचल में चुनाव प्रचार के लिए लेकर आई है जिसकी अपनी जमानत पिछले लोकसभा चुनाव में जब्त हो चुकी है। ऐसी नेता हिमाचल में कांग्रेसियों की जमानत जप्त होने से कैसे बचा पाएगी यह समझ नहीं आ रहा है।
भाजपा प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना ने मन की बात कार्यक्रम के दौरान मीडिया से रूबरू होते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास दिल्ली में ही नेतृत्व नहीं बचा है। ऐसे में हिमाचल के चुनावों में चुनाव प्रचार के लिए किन बड़े नेताओं को लेकर आएगी। उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को पूरी तरह से नकार चुकी है।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने घर-घर सुविधाएं उपलब्ध करवाने का काम किया है और यही वजह है कि और हिमाचल के चुनावों में भी भाजपा के बड़े नेताओं को चुनाव प्रचार में डिमांड की जा रही है।उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित अन्य बड़े नेताओं की रैलियां होंगी। भाजपा एक बार फिर से हिमाचल में जीत का परचम लहराकर मिशन रिपीट को पूरा करेगी। चुनाव प्रचार को लेकर पार्टी ने पूरे प्रदेश पर फोकस किया है। पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने भी चुनाव की कमांड यहां पर संभाली हुई है।
