सोलन/योगेश शर्मा– शनिवार को सोलन में कांग्रेस के प्रदेश सचिव रोहित शर्मा ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस सरकार को विकास करने वाली सरकार करार दिया है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में आम जनता के सहयोग से कांग्रेस की नई सरकार बनी है ,जिसके मुखिया आम जनता से ही निकले और जमीनी स्तर के नेता सुखविंदर सिंह सुक्खू बने हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने अपने चुनाव के दौरान जो भी वादे किए है उसे निश्चित रूप से पूरा किया जाएगा।
रोहित शर्मा ने कहा कि हिमाचल के हर वर्ग ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस का साथ दिया है और इन सब वर्गों के साथ कांग्रेस दिन रात खड़ी है। रोहित शर्मा ने कहा कि इन दिनों हिमाचल प्रदेश की नई कांग्रेस सरकार को लेकर भाजपा के बड़े-बड़े नेता परेशानी में है, वे लोग लगातार बयानबाजी कर रहे हैं। यह बयान बाजी दिखाता है कि किस तरह से भाजपा के नेताओं में बौखलाहट है।
रोहित शर्मा ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में जमीनी स्तर का नेता आज मुख्यमंत्री बना है और वो हर वर्ग के दर्द को समझता भी है। उन्होंने कहा कि जैसे जैसे सरकार का कार्यकाल आगे बढ़ेगा , वैसे-वैसे हिमाचल में कांग्रेस विकास कार्य करेगी।
