अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर नगर परषिद क्षेत्र के तहत आने वाली प्रमुख समस्याओं के समाधान के लिए जल्द प्रोपोजल तैयार करने के ओर शहर में पार्किंग की समस्या से निज़ात पाने के लिए नगर परिषद को शहर में खाली पड़ी सरकारी भूमि के चयन कर एस्टीमेट बनाने के निर्देश हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र के नवनिर्वाचित विधायक आशीष शर्मा ने जारी किए हैं।
शनिवार को नगर परिषद हमीरपुर की मासिक बैठक का आयोजन किया गया। इस बार आयोजित हुई इस बैठक में विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर के नवनिर्वाचित विधायक आशीष शर्मा भी मौजूद रहे और उन्होंने इस बैठक की अध्यक्षता की। इस मौके पर उन्होंने अधिकारियों से कमेटी के तहत होने वाले कार्यों की फीडबैक ली। इससे पहले नगर परिषद कार्यालय पहुंचने पर स्थानीय प्रतिनिधियों, अधिकारियों व कर्मचारियों ने उनका स्वागत किया।
इस मौके पर विधायक ने निर्देश दिए कि नए टेंडर जो आवंटित हुए हैं उन कार्यों को एक सप्ताह के भीतर शुरू करवाया जाए और जो कार्य चले हुए हैं उन्हें समयबद्ध पूरा किया जाए। इसके अलावा खोखा धारकों को पक्की दुकानों की व्यवस्था करने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि शहर के सौन्दर्यकरण को लेकर और अन्य विकास के लिए नगर परिषद सबसे उपयुक्त प्रोपोजल बनाए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वह शहर के विकास की तरफ ध्यान दें और इसके लिए उचित से उचित प्रपोजल बिना बजट की चिंता किए तैयार करें। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री ने विधानसभा क्षेत्र के लिए हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। इसलिए बजट की चिंता न करें क्योंकि वह बजट मुख्यमंत्री से स्वीकृत करवाएंगे। इसके अलावा उन्होंने आवारा कुत्तों की समस्या से निपटने के लिए उचित कदम उठाने के निर्देश दिए। बैठक में ईओ अक्षित गुप्ता सहित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, अन्य पार्षद व कर्मचारी मौजूद रहे।
