अनिल कुमार, किन्नौर: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के शिमला रामपुर दौरे के दौरान शनिवार को कांग्रेस ने काले झंडे दिखाकर स्मृति ईरानी का विरोध किया है। कांग्रेस की ओर से महंगाई को लेकर भाजपा सरकार को घेरा जा रहा है और उसी के तहत आज यह प्रदर्शन भी कांग्रेस ने किया। इसी कड़ी में कांग्रेस कमेटी किन्नौर के प्रवक्ता राकेश कुमार नेगी ने भी मंहगाई को लेकर केंद्रीय मंत्री पर हमला बोला है।
शनिवार को रिकोंगपिओ में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शनिवार को शिमला के रामपुर बुशहर में आजादी का अमृत महोत्सव के एक कार्यक्रम की अध्यक्षता करने आई थी। कांग्रेस उनसे पूछती है कि जब कांग्रेस के राज में 430 रुपए का सिलेंडर और 15 रुपए प्याज का होता था तो वह महंगाई को लेकर जंतर मंत्र पर हाय तौबा मचाती थी। मगर जब भाजपा के राज में आज सिलेंडर का दाम 11 सौ से ऊपर और प्याज 50 रुपए से ऊपर है तो ऐसे में स्मृति ईरानी क्यों चुप्पी साधे बैठी है। उन्होंने कहा कि आज चाहे खाद्य वस्तु हो या पेट्रोलियम पदार्थ सभी के दाम आसमान छू रहे हैं मगर स्मृति ईरानी आजादी का अमृत महोत्सव का जश्न मनाने में मस्त है।
