मंडी : धर्मवीर ( TSN)- महिला आईटीआई जल्द ही नए उपकरणों से सुसज्जित होगी। इन उपकरणों पर 20 लाख की धनराशि खर्च की जाएगी। शनिवार को यह निर्णय इंस्टीट्यूट मैनेजमेंट कमेटी की 24वीं बैठक में लिया गया। औद्योगिक मूल्य संवर्धन के लिए कौशल सुदृढ़ीकरण यानि स्ट्राइव योजना के तहत यह धराशि खर्च की जाएगी।
इस बैठक में महिला आईटीआई मंडी में इंस्टीटयूट मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन कुशाल ठाकुर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में महिला आईटीआई की प्राधानाचार्य सहित कमेटी की सभी सदस्यों ने भाग लिया। बैठक के बाद मीडिया से रूबरू होते हुए इंस्टीटयूट मैनेजमेंट कमेटी के चेयरमैन कुशाल ठाकुर ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 3 साल के लिए यह कमेटी गठित की गई है। औद्योगिक मूल्य संवर्धन के लिए कौशल सुदृढ़ीकरण यानि स्ट्राइव योजना के तहत संस्थान को 1 करोड़ 90 लाख की राशि स्वीकृत हुई है। कमेटी के निर्णय के अनुसार ही संस्थान के विभिन्न कार्यो के लिए यह धनराशि खर्च की जाएगी। उन्होंने बताया कि यह धनराशि 2 सालों में खर्च की जाएगी। पहले अंश में कमेटी ने संस्थान के लिए उपकरण खरीदने के लिए 20 लाख की राशि अनुमोदित की है। उन्होने बताया कि इस समय महिला आईटीआई मंडी में 8 ट्रेड संचालित किए जा रहे हैं। जल्द ही संस्थान में नए उपकरण पहुंच जाएंगे। जिससे महिला आईटीआई में अध्ययनरत प्रशिशुओं की दक्षता में और सुधार होगा।
बता दें कि औद्योगिक मूल्य संवर्धन के लिए कौशल सुदृढ़ीकरण परियोजना (स्ट्राइव) विश्व बैंक से सहायता-प्राप्त भारत सरकार की परियोजना है। जिसका उद्देश्य औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) और शिक्षुओं के माध्यम से कौशल प्रशिक्षण की प्रासंगिकता और दक्षता में सुधार करना है।
