नीरज डोगरा, शिमला: प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टियों के बीच चुनावी युद्ध दिलचस्प होता जा रहा है। सभी राजनीतिक दल एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप ओर वार पलटवार कर रहे हैं। इस जुबानी जंग के बीच अब हिमाचल महिला कांग्रेस की अध्यक्ष जैनब चंदेल ने भारतीय जनता पार्टी पर उनके पोस्टरों को फाड़ने के आरोप लगाए हैं। इसकी शिकायत कांग्रेस की ओर से चुनाव आयोग को भी दी गई है। चंदेल ने कहा कि भाजपा अपनी हार को देखकर घबरा रही है और इस तरह की हरकतों पर उतर आई है।
हिमाचल महिला कांग्रेस के अध्यक्ष जैनब चंदेल ने कहा कि जनता का विश्वास कांग्रेस पर हैं। प्रदेश भर में जो विकास आज नजर आता है, वह कांग्रेस की ही देन है।उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के निर्माता डॉ. यशवंत सिंह परमार से लेकर आधुनिक हिमाचल के निर्माता वीरभद्र सिंह कांग्रेस पार्टी का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा के नेता ही वह नेता हैं, जिन्होंने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा देने का भी विरोध किया था।
जैनब चंदेल ने कहा कि वीरभद्र सिंह जब प्रदेश भर में कॉलेज और स्कूल खोल रहे थे, तब भाजपा इसका विरोध कर रही थी। आज छोटे से छोटे इलाके में भी कांग्रेस पार्टी की वजह से शिक्षण संस्थान है, लेकिन भाजपा सरकार इन शिक्षण संस्थानों में शिक्षकों की कमी भी पूरी नहीं कर पा रही है। जैनब चंदेल ने भाजपा की राष्ट्रीय नेताओं पर हमला करते हुए कहा कि उन्हें प्रदेश में बढ़ती महंगाई पर भी जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज बढ़ती महंगाई से आम जनता त्रस्त है, लेकिन भाजपा के नेता मौन हैं। चंदेल ने दावा किया कि कांग्रेस पार्टी हिमाचल प्रदेश में इतिहास दोहरा कर सत्ता में वापसी करेगी।
