मंडी : धर्मवीर – सड़क की टायरिंग उखड़ जाने से पड़े होल को भरने के लिए अब लोक निर्माण विभाग नई तकनीक का प्रयोग करने जा रहा है। मौजूदा समय की बात की जाए तो तारकोल और कंक्रीट के मिक्सर से मटेरियल तैयार कर सड़क पर पड़े गड्ढों को भरा जाता है। लेकिन अब लोक निर्माण विभाग इन गड्ढों को भरने के लिए आधुनिक तकनीक लाने की योजना बना रहा है। पूर्व की भाजपा सरकार के समय से इसका पायलट प्रोजेक्ट मंडी में शुरू करने की योजना पर काम चल रहा है। लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने बताया कि मंडी में अधिकारियों ने इस तकनीक को लेकर काफी समय से एक्सरसाइज शुरू की है और जल्द ही इस मशीन के लिए टेंडर जारी कर दिए जाएंगे।
कुछ इस तरह से गड्ढों को भरेगी आधुनिक मशीन
गड्ढों को भरने वाली यह मशीन सड़क पर पड़े गड्ढों को एक सही आकार में काटेगी और मशीन के अंदर ही तारकोल और कंकरीट को मिक्चर उसी वक्त जरूरत के हिसाब से तैयार हो जाएगा, जिसे तुरंत प्रभाव से इस्तेमाल करके गड्ढों को भर दिया जाएगा। यह मशीन एक दिन में कई किलोमीटर की दूरी तक गड्ढों को भर देगी। यह मशीन एक चलता-फिरते वाहन में फिट होती है, जिसे एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाना बेहद आसान होता है।
सड़कों पर पड़े गड्ढों से परेशान हैं लोग
मंडी जिला की सड़कों की बात करें तो यहां सड़कों की हालत काफी दयनीय है, जिसको लेकर लोगों में बहुत ज्यादा रोष है। हालांकि शहरी क्षेत्रों में सड़कें फिर भी ठीक हैं लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों में इनकी दशा काफी दयनीय है। यही कारण है कि लोग भी यही चाह रहे हैं कि सरकार कुछ नई तकनीक लेकर आए ताकि सड़कों का उद्धार हो सके।
