नाहन (देवेन्द्र कुमार): डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज नाहन की निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत का कार्य अधर में लटक गया है। कामगारों ने वेतन ना मिलने के बाद काम छोड़ो हड़ताल शुरू कर दी है। यहां तैनात कामगारों को बीते 5 माह से वेतन के लाले पड़े है। जिसके चलते कामगारों को अपना व परिवार का पालन पोषण करना मुश्किल ही गया है। डॉ वाईएस परमार मेडिकल कॉलेज अस्पताल नाहन की निर्माणाधीन बहुमंजिला इमारत में लगे कामगारों का कहना है कि पिछले 5 माह से वेतन नहीं मिला है।
लगातार कम्पनी प्रबंधन को अवगत करवाया जा रहा है । बावजूद इसके मात्र आश्वासन के वेतन नहीं दिया जा रहा है जिसके बाद कामगारों ने आज कार्य छोड़कर हड़ताल शुरू कर दी है । कामगारों का कहना है कि वह बिहार से अपने घर से 400 से 500 किलोमीटर दूर आकर कार्य करने को मजबूर है, लेकिन समय पर वेतन न मिलने के चलते कामगारों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । कामगारों का कहना है कि अगर वेतन मांगने कंपनी प्रबंधन के पास जाते है तो वह दो टूक जवाब देते है कि जो करना है करो बजट उपलब्ध नहीं है । जिसके बाद आज सभी कामगारों ने कार्य बंद करने का निर्णय लिया।
