मंजूर पठान, चंबा: चंबा जिला के दुर्गम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हुई बर्फबारी के बाद लोगों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। भारी बर्फबारी के चलते दुर्गम क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई हैं। कई जगहों पर लोग कई दिनों से बर्फ़बारी के बीच कड़कड़ाती ठंड में बिना लाइट के गुजर-बसर करने के लिए मजबूर हैं,हालांकि बिजली विभाग के कर्मचारी पिछले 3 दिनों से इन क्षेत्रों में बिजली बहाली के कार्य में जुटे हुए हैं बावजूद इसके अभी कुछ क्षेत्र ऐसे हैं जहां बिजली आपूर्ति सुचारू नहीं हो पाई हैं।
चंबा जिला तीसा, सलूणी, पांगी के ऊंचाई वाले इलाकों में तीन दिन पहले हुई भारी बर्फबारी से जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा हैं। सबसे बड़ी समस्या बिजली की पैदा हुई हैं। बिजली विभाग के कर्मचारी पिछले तीन दिनों से लगातार बिजली बहाल करने में जुटे हैं लेकिन तीसा क्षेत्र के कई ऐसे इलाकों में अधिक बर्फबारी होने से जनजीवन पटरी पर नहीं लौटा है और इससे मुश्किलें भी बढ़ने लगी हैं। बिजली की सबसे अधिक समस्या तीसा और सलूणी के ग्रामीणों इलाकों में देखने को मिली हैं।
यहां अभी 50 से अधिक ट्रांसफार्मर बंद हैं और लोगों की मुश्किलें बढ़ रही हैं। डलहौजी सर्कल के तहत बिजली विभाग ने अधिकतर ट्रांसफार्मर ठीक कर दिए है जबकि अभी पचास के करीब ट्रांसफार्मर खराब चल रहे हैं। तीसा के कई क्षेत्रों में डेढ़ से दो फीट के आसपास बर्फ़ अभी भी ग्रामीण इलाकों में मौजूद हैं,जिससे मुश्किलें पैदा हो रही हैं,लेकिन बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता विद्युत आपूर्ति राजीव कुमार ठाकुर ने बताया की सभी ट्रांसफार्मर जल्द बहाल कर दिए जाएंगे।
वहीं दूसरी और डलहौजी सर्कल के अधीक्षण अभियंता विद्युत आपूर्ति राजीव कुमार ठाकुर ने कहा की हमारे सर्कल के तहत 2200 के करीब ट्रांसफार्मर हैं। इनमें अभी 106 ट्रांसफार्मर बंद चल रहे थे जिनमें 56 बहाल कर दिए गए हैं,जबकि 50 ट्रांसफार्मर अभी बहाल होने बाकी हैं। बर्फ में अपने कर्मचारियों को बेहतरीन उपकरण दिए गए हैं ताकि उन्हें दिक्कत ना हो और बिजली जल्द बहाल हो सके।
