शिमला, 26 अप्रैल — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम “मन की बात” को लेकर शिमला में भी उत्साह देखने को मिला। शहर के मिडिल बाजार स्थित दीपक भोजनालय (बूथ संख्या 44, विधानसभा क्षेत्र शिमला) में विशेष आयोजन किया गया, जहां 40 से अधिक कार्यकर्ताओं ने एकत्र होकर कार्यक्रम को सुना और प्रधानमंत्री के विचारों से प्रेरणा ली।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक कर्ण नंदा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उनके साथ प्रदेश कोषाध्यक्ष कमलजीत सूद, सह मीडिया प्रभारी सुदीप महाजन, श्याम शर्मा, दीपक शर्मा, सोम कीर्ति, खन्ना जी, नीलतु, अभय शर्मा, सीमा, राजू और भास्कर सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से बातचीत में कर्ण नंदा ने कहा कि “मन की बात” आज देश को एक सूत्र में पिरोने का महत्वपूर्ण माध्यम बन चुका है। यह कार्यक्रम समाज के हर वर्ग को जोड़ने के साथ-साथ उन्हें सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार लोगों में जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना पैदा करते हैं।उन्होंने जानकारी दी कि “मन की बात” के 133वें एपिसोड में प्रधानमंत्री ने विज्ञान और शांति के समन्वय पर विशेष जोर दिया। भगवान बुद्ध के विचारों को वैश्विक शांति के लिए प्रासंगिक बताते हुए उन्होंने आधुनिक भारत की वैज्ञानिक उपलब्धियों को भी रेखांकित किया। तमिलनाडु के कलपक्कम में स्वदेशी फास्ट ब्रीडर रिएक्टर की सफलता को देश के परमाणु कार्यक्रम की बड़ी उपलब्धि बताया गया।
इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में भारत की बढ़ती ऊर्जा क्षमता का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि देश की पवन ऊर्जा क्षमता 56 गीगावाट से अधिक हो चुकी है और पिछले एक वर्ष में इसमें उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। यह स्वच्छ ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की मजबूती को दर्शाता है।कर्ण नंदा ने कहा कि बुद्ध के शांति संदेश से लेकर आधुनिक तकनीकी प्रगति तक, भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि “मन की बात” केवल संवाद का माध्यम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा देने वाला एक प्रभावी मंच बन चुका है।
TAGGED:
Shimla BJP workers
Chandrika
