Bilaspur, Subhash-:जिला प्रशासन के सहयोग से शुक्रवार को बिलासपुर कॉलेज में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार शामिल हुए। कॉलेज प्राचार्य डॉ. पी.एस. कटवाल ने कॉलेज प्रशासन की ओर से मुख्य अतिथि को शॉल और टोपी पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यशाला के दौरान डीसी राहुल कुमार ने छात्र–छात्राओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में सफलता पाने के लिए आवश्यक तैयारी, अनुशासन और निरंतरता पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल करने के लिए मेहनत के साथ-साथ समय का सही उपयोग अत्यंत आवश्यक है। उनका कहना था कि यदि विद्यार्थी अपनी ऊर्जा और क्षमता को सही दिशा में लगाएं, तो सफलता अवश्य मिलती है।उपायुक्त ने बताया कि प्रतियोगी परीक्षाओं का सफर चुनौतीपूर्ण जरूर होता है, लेकिन उचित रणनीति और दृढ़ संकल्प के साथ इसे सरल बनाया जा सकता है। उन्होंने छात्रों को लक्ष्य निर्धारित करके प्रतिदिन नियत समय में अध्ययन करने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बदलती परीक्षा पद्धतियों को समझते हुए स्मार्ट स्टडी और नियमित पुनरावृत्ति आज की जरूरत है।कार्यशाला में उपस्थित छात्रों ने भी उत्साहपूर्वक प्रश्न पूछे और तैयारी संबंधी विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन प्राप्त किया। कॉलेज प्रशासन ने इस कार्यक्रम को विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया और भविष्य में भी इस तरह की कार्यशालाओं के आयोजन की बात कही।
