संजु चौधरी, शिमला(TSN): कांग्रेस के महासचिव और होलीलॉज के करीबी यशवंत छाजटा को सरकार ने हिमुडा का उपाध्यक्ष बनाया हैं। गुरुवार को उन्होंने अपना कार्यभार संभाल लिया हैं। हिमुडा कार्यालय पहुचंने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया। इस दौरान बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। काफी तादात में लोग उन्हें बधाई देने पहुंचे।
उपाध्यक्ष बनाने पर यशवंत छाजटा ने कांग्रेस आलाकमान ओर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का आभार जताया और इस जिम्मेवारी को बखूबी निभाने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिमला शहर की भीड़ को कम करने के लिए शहर के बाहर माउंटेन सिटी बनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पूर्व की वीरभद्र सरकार में भी हिमुडा के उपाध्यक्ष थे और अब दोबारा से हिमुडा के उपाध्यक्ष बनने का उन्हें मौका मिला है और वह इसके उत्थान के लिए दिन-रात कार्य करेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्व सरकार के समय में भी शिमला शहर के साथ ही जाठिया देवी में ढाई सौ बीघा जमीन ली थी जहां शहर बसाना था लेकिन पूर्व सरकार ने इस प्रोजेक्ट पर कोई काम नहीं किया। वहीं अब मुख्यमंत्री ने माउंटेन सिटी बनाने का एक 13 सौ करोड़ का प्रोजेक्ट केंद्र सरकार को भेजा है और इसको जैसे ही मंजूरी मिलती है तो शहर के साथ ही जुब्बड्डहट्टी के समीप ही सिटी बनाई जाएगी ओर शिमला शहर की भीड़ को कम करने का काम किया जाएगा।
इसके अलावा प्रदेश के अलग अलग जिलों में हिमुडा ने जमीनें ली थी और वहां पर कालोनी बनाने के कार्यों में भी तेजी लाई जाएगी। उन्होंने कहा कि खास कर हिमुडा के कर्मचारियों और निवेशों के हितों को ध्यान में रख कर काम किया जाएगा।
