भावना,शिमला: हिमाचल प्रदेश में मौसम ने फिर से करवट बदल ली है। पहाड़ों पर जहां बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है वहीं निचले क्षेत्रों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग की ओर से आज प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश और बर्फबारी को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। आज सुबह से ही लाहौल स्पीति में बर्फबारी हो रही है जबकि शिमला सहित निचले हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है। विभाग की ओर से कांगड़ा,चंबा, सिरमौर, सोलन, मंडी, शिमला ओर किन्नौर में बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

राजधानी शिमला में सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और अब बारिश हो रही है। बारिश और बर्फबारी से प्रदेश में तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है और समूचा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने कहा कि प्रदेश में आज अधिकतर हिस्सों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है।
लाहौल-स्पीति में देर रात से ही बर्फबारी शुरू हो गई है। वहीं प्रदेश के अन्य हिस्सों में बारिश हो रही है। पहाड़ों पर हो रही बारिश से लाहौल स्पीति में तापमान माइनस में पहुंच गया है, जबकि अन्य हिस्सों में भी तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 15 नवंबर के बाद मौसम साफ रहेगा।
