भावना, शिमला: राजधानी शिमला में हाईकोर्ट के समीप निजी बस और एचआरटीसी की आपस में टक्कर हो गई, जिससे चालक घायल हो गया। बता दें कि एचआरटीसी की बस छोटा शिमला की ओर से आ रही थी वहीं ऊपर से जा रही निजी बस एचआरटीसी की बस से टकरा गई, जिसके चलते काफी देर तक जाम लगा रहा। जब यह हादसा हुआ तो दोनों बसें सवारियों से भरी हुई थी लेकिन गनीमत यह रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई, लेकिन हादसे में निजी बस चालक को हल्की चोटें आई और उसे इलाज के लिए रिपन अस्पताल ले जाया गया है।
इस टक्कर से निजी बस और एचआरटीसी बस को नुकसान हुआ है। बसों में टक्कर होने से काफी देर तक दोनों तरफ से जाम लगा रहा। वहीं लोग भी पैदल ही जाने को मजबूर हुए। मौके पर मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और पुलिस मौके पर पहुंची जिसके बाद दोनों बसों को वहां से हटाया गया, ताकि वाहनों की आवाजाही शुरू की जा सके।
