मंडी/परी शर्मा: चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उतरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बल्ह से भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में लोगों से समर्थन मांगा। मंडी जिला के बल्ह विधानसभा क्षेत्र के कंसा चौक में जनसभा का आयोजन हुआ। इस दौरान योगी ने कांग्रेस पर जमकर कटाक्ष किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कोरोना काल में फ्री वैक्सीन नहीं दे पाती। कांग्रेस न सीमाओं की सुरक्षा कर पाती, धारा-370 को नहीं हटा पाती, ना अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण करवा पाती लेकिन डबल इंजन की सरकार ने ये सब किरके दिखाया है। उन्होंने कहा कि आज हिमाचल में डबल इंजन सरकार में हर घर नल की योजना लागू हो रही है। हर गरीब को स्वास्थ्य बीमा भी दिया जा रहा है। आज हिमाचल में एम्स आईआईटी बन रही है, ये सब भाजपा सरकार की बदौलत हुआ है।
किसी में नहीं भारत की सीमाओं का अतिक्रमण करने की हिम्मत
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि देश की सीमाओं की सुरक्षा सुदृढ़ हो रही है। पहले दुश्मन देश भारत की सीमाओं के अंदर घुसकर के भारी नुकसान पहुंचाते थे, सुरक्षा में सेंध लगाते थे लेकिन आज किसी की हिम्मत नहीं है कि भारत के सीमाओं का अतिक्रमण कर सकेे। एयर स्ट्राइक कर दुश्मनों के छक्के छुड़ा दिए ये नया भारत है जो बिना डिगे, झुके आगे बढ़ रहा है।
