कुल्लू/मनमिन्द्र अरोड़ा: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में अब भाजपा को भी पता चल गया है कि वह गुल होने वाली है और कांग्रेस की पेटी भी फुल होने वाली है। ऐसे में प्रदेश की जनता एक बार फिर से समाज के सभी वर्गों की भलाई के लिए एक सशक्त सरकार का निर्माण करने जा रही है और यह सरकार कांग्रेस पार्टी की होगी। यह बात राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के युवा नेता सचिन पायलट ने कुल्लू के ढालपुर में कही।
कुल्लू में सचिन पायलट ने किया चुनावी जनसभा को संबोधित
सचिन पायलट ने ढालपुर में एक चुनावी जनसभा को संबोधित किया। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश की जयराम सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा है कि डबल इंजन की सरकार के इंजन पूरी तरह फेल हो गए हैं और इन इंजन में न तो तेल बचा है और न ही विकास करवाने के लिए जोर बचा है। ऐसे में 12 नवंबर को हिमाचल प्रदेश सरकार का इंजन सीज हो जाएगा और केंद्र सरकार का इंजन 2024 के लोकसभा चुनावों में सीज कर दिया जाएगा।
बीजेपी की सरकार लोगों को विकास के नाम पर कर रही गुमराह
सचिन पायलट ने कहा है कि हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनना तय है और कुल्लू जिला में कांग्रेस के चारों प्रत्याशी भारी मतों से जीत कर विधानसभा पहुंचे रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार ने लोगों को विकास के नाम पर जहां गुमराह किया है। वहीं तोहफे के रुप में महंगाई जनता को दी है। ऐसे में इस बार के विधानसभा चुनावों में जनता भाजपा की सरकार को सत्ता से बाहर का रास्ता जरूर दिखाएगी और हिमाचल में कांग्रेस की सरकार बनाकर नया इतिहास रचेगी। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता जहां जनता को गुमराह कर रहे हैं । वहीं हिमाचल में विकास के नाम पर नाममात्र का विकास हुआ है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में भ्रष्टाचार चरम सीमा पर पहुंच गया है। ऐसे में कांग्रेस की सरकार आते ही भ्रष्टाचार में संलिप्त सभी लोगों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।
