अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों में इस बार आम आदमी पार्टी भी मैदान में उतर चुकी है। आप की ओर से हिमाचल की जनता की लुभाने के लिए गारंटीयां भी दी जा रही है जिससे कि जनता आप को इस बार प्रदेश के प्रतिनिधित्व का मौका दे। वहीं प्रदेश के विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी 68 विधानसभा क्षेत्रों में चुनाव लड़ेगी और जीत सुनिश्चित करने के लिए हर संभव प्रयास करती नज़र आएगी। यह बात आम आदमी पार्टी के युवा नेता अनिल राणा ने पत्रकारों के साथ बातचीत करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि आने वाले विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी हिमाचल में अपना झंडा गाड़ने के लिए तैयार है ,जिसके लिए दिल्ली में चलाई गई योजनाओं को हिमाचल में उतारने के लिए आम आदमी पार्टी तैयारी में जुटी हुई है। यदि हिमाचल में आम आदमी पार्टी का डंका बजा,तो पर्यटक और आईटी सेक्टर के लिए हिमाचल प्रदेश के युवाओं को रोजगार से जोड़ा जाएगा ताकि पर्यावरण की सुंदरता को भी ग्रहण ना लगे और रोजगार का मुद्दा भी काफी हद तक हल हो सके।
आम आदमी पार्टी के नेता ने भाजपा के नेताओं पर तंज कसते हुए कहा कि हर घर में बिजली का मीटर लगवाने की कवायद शुरू कर दी गई है ,लेकिन विभाग के पास मीटरों की कमी बनी हुई है जिससे कई लंबित मामले सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र में पड़े हुए है, जिसके लिए प्रदेश सरकार योजनाओं को धरातल में उतारने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए है। वहीं उन्होंने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर बताया कि आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचारियों के खिलाफ हमेशा खड़ी रहेगी। उन्होंने बताया कि हिमाचल में स्वास्थ्य सुविधाओं के नाम पर डॉक्टरों की कमी बताई जा रही है जिसके चलते स्वास्थ्य केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं की कमी पाई गई है जिससे समस्या बनी हुई है। लोगों को अपनी बीमारी का इलाज करवाने के लिए दूरदराज अस्पतालों का रुख करना पड़ता है जिसके लिए हिमाचल में स्वास्थ्य के प्रति कोई ठोस नीति राज्य सरकार ने नहीं बनाई है।
उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में आम आदमी पार्टी सुजानपुर के ऐतिहासिक मैदान में रैली करेगी। एक विशाल जनसमूह को संबोधित करने के लिए आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता आएंगे ताकि आम आदमी पार्टी की ओर से चलाई गई लोगों के लिए चयनित योजनाओं का फायदा दिल्ली ही नहीं बल्कि पूरे देश को मिल सके।
