सोलन/योगेश शर्मा: आपकी दिवाली खुशियों भरी हो, इसके लिए हर विभाग ने अपनी तरफ से विशेष तैयारियां कर रखी हैं। पुलिस-प्रशासन जहां बाजारों में सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को लेकर अलर्ट पर है तो स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, पॉवर कारपोरेशन, परिवहन निगम ने भी दावे किए हैं कि दिवाली पर जनता को कोई असुविधा नहीं होने दी जाएगी। त्यौहार को देखते हुए नगर निगम सोलन पूरी तरह से अलर्ट हो चुका है।

अतिक्रमण करने पर किया जाएगा जुर्माना
नगर निगम सोलन की ज्वाइंट कमिश्नर प्रियंका चंद्रा ने बताया कि त्योहारी सीजन चल रहा है। ऐसे में नगर निगम पूरी तरह से अलर्ट है, दिवाली के दौरान अक्सर बाजारों में अतिक्रमण बढ़ जाता है। इस पर अंकुश पाने के लिए निगम द्वारा एक टीम बनाई गई है, जिसमें 4 से 5 लोग रोजाना बाजार का निरीक्षण करेंगे और जो भी दुकानदार शहर के सड़कों में अतिक्रमण करेंगे, उनका सामान जब्त करके जुर्माना भी लगाया जाएगा। प्रियंका चंद्रा ने बताया कि दिवाली के दौरान अक्सर बाजारों में अतिक्रमण बढ़ जाता है। ऐसे में जहां लोगों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न होती है। वहीं दूसरी तरफ यदि कोई अप्रिय घटना घट जाए तो अग्निशमन और पुलिस विभाग की गाड़ियां भी वहां से गुजर नहीं पाती है। ऐसे में उन्होंने शहरवासियों से भी अपील की है कि वे लोग अतिक्रमण ना करें।
