राहुल चावला, धर्मशाला: प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनावों में अब कुछ ही समय शेष रहा है। ऐसे में हिमाचल प्रदेश में तीनों राजनीतिक दलों ने चुनाव प्रचार भी जोरों शोरों से शुरू कर दिया है। वहीं इस बार के विधानसभा चुनावों को लेकर जहां नए वोटरों ने अपना वोट बनवाया तो वहीं धर्मशाला में शरणार्थियों के रूप में रह रहे युवा तिब्बतियों ने भी इस मर्तबा अपने नए वोट बनवाएं है। इस बार के विधानसभा चुनावों में तिब्बती युवा अपने मत का प्रयोग कर प्रदेश की सरकार को चुनने में मदद करेंगे।

अपने पहले मतदान को लेकर तिब्बती युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। इसी के साथ युवा तिब्बतियों में इस बात को लेकर भी काफी खुशी है कि उन्होंने इसी देश में जन्म लिया और आज लोकतंत्र के सबसे बड़े पर्व में भी वह अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। वहीं जिला कांगड़ा में अभी मौजूदा समय में 9147 तिब्बती लोग रह रहे हैं जिसमें से 5689 पुरुष व 3458 तिब्बती महिलाएं शामिल है। यह तिब्बती मैकलोड़गंज में लगने वाले पोलिंग बूथ में अपना मतदान करेंगे और सिद्धबाड़ी में रहने वाले तिब्बती सिद्धबाड़ी में बनने वाले पोलिंग बूथ में अपने मत का प्रयोग करेंगे।
धर्मशाला की एसडीएम शिल्पी वेक्टा ने जानकारी देते हुए बताया कि 18 निर्वाचन क्षेत्र धर्मशाला में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए कुल 720 युवा तिब्बतियों ने अपने नए वोट बनवाएं है। उन्होंने बताया कि तिब्बतियों की अधिकांश संख्या पोलिंग स्टेशन 2 और 3 जो कि भागसूनाग में है वहां पर हैं। उन्होने कहा कि जो तिब्बती 1 जून 1986 को भारत मे पैदा हुए है वो तिब्बती अपना वोट बनवा सकता है और इसके अतिरिक्त जिन तिब्बतियों के माता पिता ने भारत की नागरिकता ले रखी है और जिनका जन्म 1 जून 1986 से लेकर 2003 के बीच हुआ है वह तिब्बती अपना वोट बनवा सकते है। एसडीएम शिल्पी वेक्टा ने तिब्बतन सेटेलमेंट ऑफिसर के माध्यम से सभी तिब्बतियों से अपील करते हुए कहा कि सभी तिब्बती जिनके वोट बने है व 12 नवंबर को जरूर अपने मत अधिकार का प्रयोग करे।
वही मेंबर ऑफ तिब्बतन पार्लिमेंट एक्साइल की सदस्य तेनजिन डोलमा ने कहा कि जिन तिब्बतियों की भागीदारी चुनावों में हमेशा रहती है व आगे भी निरंतर जारी रहेगी और इसमें यह संभव है कि हर बार नए युवा तिब्बती अपना वोट बनाकर मतदान जरूर करेंगे। उन्होंने कहा कि भारत में होने वाले चुनावों को लेकर भी तिब्बती युवाओं में जोश काफी बढ़ा है। उन्होंने कहा कि काफी युवा तिब्बती धर्मशाला में ही पैदा हुए है और उन्हें यहां राजनीति और नेताओं की भी अच्छी जानकारी रखते हैं। उन्होंने कहा कि सभी युवा तिब्बती भारत के नागरिक की तरह ही मैक्लोडगंज में रह रहे है। युवा तिब्बतियों की ओर से यह भी देखा जा रहा है कि कौन सी पार्टी तिब्बत और चीन के मुद्दे को लेकर सक्रिय है। इसी मुद्दे को देखते हुए युवा तिब्बती आगामी विधानसभा चुनावों में अपना मतदान करेंगे। उन्होंने कहा कि युवा तिब्बतियों को इस बात पर भी गर्व महसूस होता है कि उनका जन्म यहीं हुआ है और आज देश के सबसे बड़े पर्व चुनावों में उन्हें भाग लेने का अवसर मिल रहा है।
