बिलासपुर (सुभाष ठाकुर): जिला मुख्यालय में युवा कांग्रेस ने महंगाई, बेरोजगारी के खिलाफ रोष रैली निकाली। जिसकी अगवाई जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष आशीष ठाकुर ने की। यह रोष रैली कॉलेज चौक बिलासपुर से मेन मार्किट से होती हुई लक्ष्मीनारायण मंदिर में संपन्न हुई। इस दौरान युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार, प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष आशीष ठाकुर ने कहा कि केंद्र सरकार महंगाई रोकने में पूरी तरह से असफल साबित हुई है। आम आदमी महंगाई की मार से त्रस्त है। वहीं, दूसरी ओर बेरोजगारी का दंश देश, प्रदेश का युवा झेल रहा है। प्रदेश में ही लाखों बेरोजगार हो चुके हैं। लेकिन सरकार इनके लिए कोई नीति नहीं बना पाई है। उन्होंने कहा कि अब बेरोजगार भाजपा के बहकावे में नहीं आएगा। प्रदेश की जनता, प्रदेश का युवा प्रदेश की वर्तमान भाजपा सरकार को जड़ से उखाडऩे में अपनी अहम भूमिका निभाएगा।
