Dharamshala, 10 November-:धर्मशाला में बीती रात एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां सात मंजिला इमारत से गिरने के कारण एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस को इसकी सूचना जोनल हॉस्पिटल धर्मशाला से प्राप्त हुई। घटना की पुष्टि करते हुए एएसपी कांगड़ा धर्मशाला वीर बहादुर ने बताया कि जब तक पुलिस को सूचना मिली, तब तक व्यक्ति की मौत हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, मृतक राजस्थान के सीकर जिले का निवासी था और पिछले कुछ समय से धर्मशाला में मार्बल बेचने का काम करता था। वह स्थानीय क्षेत्र में एक इमारत के सातवें फ्लोर पर किराए पर रह रहा था। बताया जा रहा है कि बीती रात वह अपने कमरे से बाहर निकला और छत की ओर चला गया, जहां से वह अचानक नीचे गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एएसपी वीर बहादुर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में किसी तरह की संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई है और परिजनों व स्थानीय लोगों ने भी इसे एक दुर्घटना माना है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की और मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।पुलिस मामले की औपचारिक जांच जारी रखे हुए है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि घटना पूरी तरह दुर्घटनावश हुई थी या नहीं। धर्मशाला में इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों में शोक की लहर है।
