मंडी, धर्मवीर -:सड़कों पर भटक रहे आवारा पशुओं के संरक्षण की दिशा में युवाओं ने सराहनीय कदम उठाया है। इसी कड़ी में पांच मील सुखी बाई क्षेत्र में बाबा संजय नाथ जी की स्मृति में एक गौशाला का शुभारंभ किया गया है। इस गौशाला में आवारा पशुओं के रहने, भोजन और देखभाल की समुचित व्यवस्था की जा रही है।
गौसदन के संस्थापकों ने बताया कि सड़कों पर बैठे आवारा पशुओं के कारण अक्सर ट्रैफिक जाम और दुर्घटनाओं की स्थिति उत्पन्न होती है। इन समस्याओं के समाधान और गोवंश की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए इस गौशाला का निर्माण किया गया है, जहां पशुओं को सुरक्षित आश्रय, नियमित देखरेख और स्वास्थ्य जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
बाबा संजय नाथ गौशाला के मुख्य संस्थापक अंकुश मोहन ने लोगों से अपील की है कि वे पशुओं को सड़कों पर आवारा न छोड़ें। यदि संभव हो, तो उन्हें गौशाला में लाकर रखें, जहां उनके लिए सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं।उन्होंने यह भी बताया कि इस पहल से प्रेरित होकर युवाओं में गौसेवा के प्रति रुचि लगातार बढ़ रही है, जिससे समाज में सकारात्मक माहौल बन रहा है। मोहन ने गौशाला के सुचारू संचालन के लिए आम जनता से सहयोग करने की अपील भी की है।
