राकेश,ऊना: नेहरू युवा केंद्र ऊना के सौजन्य से आजादी का अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य पर शुक्रवार को राजकीय महाविद्यालय ऊना में एक द्विवसीय युवा उत्सव-2022 का आयोजन किया गया। युवा उत्सव के समापन अवसर पर छठे राज्य वित्तायोग के अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती ने बत्तौर मुख्यातिथि शिरकत की और विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर सत्ती ने अपने संबोधन में कहा कि ऐसे उत्सवों के आयोजन से बच्चों में अपनी संस्कृति को संजोए रखने में मदद मिलती है व छात्रों का सर्वंगीण विकास होता है। उन्होंने कहा कि संस्कृति के सरंक्षण में युवाओं की भूमिका बहुत अहम रहती है। इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों को अपने अन्य प्रतिभाओं को प्रदर्शित करने का अवसर प्राप्त होता है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को किताबी ज्ञान अर्जित करने के अतिरिक्त गीत संगीत, नृत्य, चित्रकला, खेलकूद व वाद-विवाद प्रतियोगिताओं में भी बढ़-चढकर भाग लेना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस प्रकार की गतिविधियां से उनके व्यक्तित्व के विकास में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि इनसे विद्यार्थी को भविष्य में अपनी आजीविका कमाने के लिए एक अन्य स्रोत का भी विकल्प रहता है। इससे पूर्व युवा उत्सव-2022 का शुभारंभ करते हुए एसडीएम ऊना डाॅ. निधि पटेल ने बताया कि युवा उत्सव-2022 का आयोजन पहली बार जिलास्तर पर किया जा रहा है जिसका विषय नागरिकों में कर्तव्य की भावना जागृत करना है। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में आत्मविश्वास और लीडरशिप के गुणों का विकास करना है।
