बिलासपुर : सुभाष ठाकुर- घुमारवीं थाना की मल्यावर पंचायत के तहत फोर लेन पर बने टोल प्लाजा के पास बुधवार देर रात को सतलुज नदी में गिरी जीप में सवार युवको का अभी भी पता नहीं चल सका। सतलुज के तेज बहाव में गाड़ी को तो पुलिस ने खोज लिया ,लेकिन खबर लिखे जाने तक दोनों युवकों का कोई पता नही चल पाया है।
युवकों के परिजन सलामती की कर रहे दुआ
मल्यावर में सतलुज नदी में बुधवार रात को गिरी जीप में सवार युवकों के परिजन अपने लाडलों के सकुशल मिलने की दुआएं कर रहे हैं।दोनों युवकों के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। स्थनीय लोग परिजनों को ढांढस बंधा रहे है। हादसे में लापता युवक राजेश की बूढ़ी मां अपने लाडले के आने का इंतजार कर रही है। सतलुज नदी में समाई जीप में सवार राजेश का कोई पता नही चल पाया है। राजेश अपनी बूढ़ी मां बिमला देवी का इकलौता सहारा था। राजेश बेल्डिंग का काम करके अपना व अपनी मां का पालन पोषण करता था। राजेश के बहन की शादी करीब 2 महीने पहले हुई है। अब घर में सिर्फ मां व बेटा थे। हादसे के दौरान राजेश लापता है और उसकी बूढ़ी मां अपने बेटे के सकुशल मिलने की उम्मीद करते हुए सर्च अभियान को देख रही है।
जागरण से वापिस अपने घर आ रहे थे युवक
घर से जागरण के लिए निकला आशीष घर नही पहुंचा तो घरवालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। सुबह जब हादसे का पता चला तो पूरा परिवार बिखर गया। आशीष की पत्नी , मां, पिता व छोटे भाई की आंखे आशीष के आने का इंतजार कर रही हैं। बताते चले कि बुधवार देर रात एक सूमो जीप सतलुज नदी में गिर गई। हादसे में दो युवकों की मौत की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मौके पर पहुंच कर युवकों को तलाश कर रही है। हादसा बुधवार रात करीब ढाई बजे पेश आया। हादसे में शिकार दोनों युवक जागरण से वापिस अपने घर आ रहे थे। इसी दौरान उनकी गाड़ी सतलुज नदी में गिर गई। थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद मौके पर सर्च अभियान चलाया गया है। दोपहर बाद सतलुज नदी में गाड़ी को ढूंढ लिया गया है।
मौके पर पहुंचे विधायक त्रिलोक जामवाल
एनडीआरएफ व अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर युवकों की तलाश कर रही हैं। पानी के बहाव तेज होने के कारण सर्च करने में परेशानी आ रही है। सदर विधायक त्रिलोक जामवाल बिलासपुर विधानसभा भी मौके पर पहुंच गए थे। उन्होंने कहा कि हादसा दुखद है। प्रशासन ओर स्थानीय लोग पूरी मेहनत से युवाओं को खोज रहे हैं। पीड़ित परिवार की हर सम्भव सहायता की जाएगी।
