कुल्लू -मनमिंद्र अरोड़ा- जिला लाहौल स्पीति की लाहौल घाटी के चार युवक सोनम जांगपो, सुनील, रिगजिन और अशोक अपनी बर्फीली यात्रा के तहत जिंग जिंग बार बारालाचा से चन्द्र ताल होकर कोकसर तक “स्नो टू रिंग” कर पहुंच गए हैं। 7 मार्च को जिंगजिंगबार से बी डी सी सदस्य केसंग ने इन चारों युवाओं को रवाना किया था। मंगलवार 14 मार्च को सभी कोकसर पहुंच गए और युवाओं ने अपना अभियान पूरा किया किया है।
इस दल में शामिल सदस्य केलांग पंचायत के प्रधान सोनम जांगपो ने बताया कि उनका युवा पीढ़ी को संदेश है कि आज के युग में लाइफ स्टाइल पर ध्यान देना चाहिए। वही, नशे से दूर रह कर फिट रहना बेहद जरूरी है। ताकि किसी भी कार्य को करने के लिए मानसिक और शारीरिक रूप से संतुलित रहे। उन्होंने इस यात्रा के दौरान जगह जगह गिर रहे ग्लेशियर और कम बर्फ को देख चिंता जताई और बताया कि सभी को इस और ध्यान देना चाहिए। ताकि हमारे पर्यावरण को संरक्षित किया जाए। उन्होंने बताया कि इसके साथ सबसे जरूरी है कि लाहौल स्पीति मे विंटर खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और युवा पीढ़ी को आगे आना होगा और पर्यटन की दृष्टि से भी लोगों को फायदा मिलेगा । इस दल के सदस्य सुनील, रिगजिन और अशोक ने बताया कि उनकी हर संभव कोशिश रही है कि जिले में विंटर खेलों को बढ़ावा दिया जाए और आने वाले समय में प्रदेश सरकार से भी इस विषय में चर्चा की जाएगी ताकि लाहौल घाटी विंटर स्पोर्ट्स के लिए भी जानी जा सके। यह ट्रैक खतरनाक दर्रे से होता हुआ गुजरता है और यहा ग्लेशियर गिरने का भी खतरा बना रहता है। गर्मियों में कई देशी-विदेशी पर्यटक इस ट्रैक पर जाते हैं। लेकिन सर्दियों में बर्फबारी के दौरान पहली बार इन चारों युवाओं ने इस खतरनाक ट्रैक को पूरा किया है। वहीं उन्होंने कई स्कीइंग स्लोप पर स्की का भी मजा उठाया।
