बिलासपुर/सुभाष ठाकुर: युवा कांग्रेस ने शुक्रवार को बिलासपुर जिला मुख्यालय पर सैंकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ धरना प्रदर्शन किया। पिछले लंबे समय से बिलासपुर के क्षेत्रीय अस्पताल में रिक्त चल रहे एमडी मेडिसिन व रेडियोलॉजिस्ट के पद को भरने की मांग को लेकर युवा कांग्रेस ने युकां के जिलाध्यक्ष आशीष ठाकुर की अगुवाई में बिलासपुर के कॉलेज चौक से उपायुक्त कार्यालय तक विरोध रैली निकाली गई। जिसमें प्रदेश सरकार व जिला प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष आशीष ठाकुर ने कहा कि पिछले दिनों युवा कांग्रेस ने इस मांग को लेकर 14 दिनों तक अस्पताल के मुख्य गेट के सामने क्रमिक भूख हड़ताल की थी। जिसे जिला प्रशासन के आश्वासन पर समाप्त किया गया था। प्रशासन ने आश्वस्त किया था कि एक सप्ताह में चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। लेकिन, आज दिन तक ऐसा नहीं हो पाया है। हैरानी की बात है कि हाल में जब देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बिलासपुर में दौरा हुआ, तो उस समय प्रदेश सरकार व स्वास्थ्य विभाग ने क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर में एमडी मेडिसिन व रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति अस्थाई तौर पर कर दी, लेकिन इस दौरे के बाद दोनों चिकित्सक वापिस चले गए हैं।
जिससे साफ दिखाई देता है कि प्रदेश की भाजपा सरकार बिलासपुर के लोगों के हितों की रक्षा के लिए कितनी सजग है। उन्होंने कहा कि यदि जल्द ही सरकार व प्रशासन ने चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं की, तो उग्र प्रदर्शन बिलासपुर में होगा। जिसे लेकर जल्द ही रूपरेखा तैयार की जाएगी।
